नोएडा , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल पर शुक्रवार को सैंकड़ों सफाई मजदूरों ने एकत्र होकर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य विभाग तथा ठेकेदारों पर कर्मचारियों का शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो गया और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आज प्रदर्शन के दौरान मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि काम का दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है लेकिन मजदूरों को न तो उचित सुविधाएं दी जा रही हैं और न ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मजदूरों ने यह भी कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मजदूरों के अनुसार बड़े ठेकेदारों द्वारा नियमों का खुलकर उल्लंघन किया जा रहा है लेकिन प्रशासन की ओर से उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इस कारण मजदूरों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनने का भरोसा दिया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे।

काफी देर तक चले प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात बाधित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया और धीरे-धीरे जाम खुलवाने का प्रयास किया।

मजदूरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और ठेकेदारों की मनमानी पर रोक नहीं लगती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित