खरगोन , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के गोगावा थाना क्षेत्र के पाडलिया गवली गांव में दलित समुदाय के तीन परिवारों के मंदिर प्रवेश और दुकानों से खरीदारी को लेकर हुए विवाद का समाधान हो गया है। पुलिस की मध्यस्थता में तीन दौर की चर्चा के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि समझौते के तहत संबंधित तीनों दलित परिवारों को मंदिर में प्रवेश और गांव की दुकानों से खरीदारी की अनुमति दे दी गई है। दोनों पक्षों ने अधिकारियों के समक्ष मतभेद समाप्त होने की बात कही है और गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।

गोगावा थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक वैवाहिक कार्यक्रम के बाद दूल्हा-दुल्हन के मंदिर दर्शन को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। पुलिस के हस्तक्षेप से तत्काल मंदिर खुलवाकर उन्हें दर्शन कराए गए थे। बाद में आपसी विवाद के चलते तीन दलित परिवारों का कथित सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया था।

अहीरखेड़ा चौकी प्रभारी भोजराज परमार ने बताया कि गांव में लगभग 40 दलित परिवार हैं, जो पूर्व से ही मंदिर में दर्शन करते रहे हैं। विवाद के दौरान केवल तीन परिवारों पर ही प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे अब हटा दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों से चर्चा कर सहमति बनाई गई है और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति न बने, इसके लिए सभी को समझाइश दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित