लखनऊ , मार्च 01 -- अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आर.पी. गौतम ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को उठाने से सरकार घबरा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकरण को सड़क और सदन दोनों जगह उठाया जाएगा।

रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय, नेहरू भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आर.पी. गौतम ने बताया कि गोरखपुर के चौरी-चौरा में प्रस्तावित 'दलित सम्मान समारोह' में शामिल होने के लिए वे लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति पूर्व में विधिवत ली गई थी, इसके बावजूद होली का हवाला देकर अंतिम समय में अनुमति निरस्त कर दी गई।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मनरेगा मजदूरों, कर्मियों, मिस्त्रियों, महिला मेट और आपूर्ति कर्ताओं के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि अकुशल एवं कुशल मजदूरी तथा सामग्री मद सहित लगभग 1600 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। होली से पूर्व मजदूरों को उनका पारिश्रमिक न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

अजय राय ने यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा कर्मियों को घोषित अवकाश संबंधी सुविधाएं अब तक लागू नहीं की गईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के वादों और वास्तविकता के अंतर को समझ चुकी है और समय आने पर जवाब देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित