जगदलपुर , अक्टूबर 29 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर पालिका निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दलपत सागर रोड पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, मलबा डालने वालों की जानकारी निगम को उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

नगर निगम में गुरुवार को महापौर संजय पांडे और निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में आयोजित मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में शहर की स्वच्छता, सड़क चौड़ीकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में दलपत सागर रोड पर निर्माण सामग्री और मलबा डालकर गंदगी फैलाने की समस्या पर चर्चा हुई। निगम प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर मलबा फेंकने की प्रवृत्ति रोकने के लिए जुर्माने के साथ नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने का निर्णय लिया।

इसके अलावा नगरोत्थान योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें लाल चर्च से नगर निगम कार्यालय एवं बस स्टैंड रोड, नयामुंडा रोड से साकेत कॉलोनी, डीजे कोर्ट से चांदनी चौक होते हुए सिटी ग्राउंड तथा छत्रपति शिवाजी वार्ड में पुराने पंचायत कार्यालय से डॉक्टर पाढ़ी हाउस तक के मार्ग शामिल हैं। माता गुड्डी से एमपीएम हॉस्पिटल तक सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इन कार्यों के लिए शासन से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई।

एमआईसी की बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापना और संबंधित स्थल के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजने पर भी विचार किया गया। साथ ही शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया, सामुदायिक भवन और अन्य आवश्यक अधोसंरचना के विकास संबंधी प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित