दरभंगा , अक्टूबर 29 -- बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज की है। करीब 60 घंटे तक चली मतगणना के बाद गुरुवार को उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा की गई। अनिल कुमार झा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 4,010 मतों के अंतर से पराजित किया।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अनिल कुमार झा को कुल 25,406 मत मिले, जबकि सर्वेश कुमार को 21,396 मत प्राप्त हुए। इस तरह राजद प्रत्याशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।
दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी हिमांशु कुमार राय ने आज अनिल कुमार झा को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मतगणना का कार्य निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की सराहना की।
आयुक्त ने इस कार्य में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा और समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के महत्वपूर्ण सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने नवनिर्वाचित विधान पार्षद अनिल कुमार झा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित