दरभंगा, सितंबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने शुक्रवार को राजकीय मूक-बधिर मध्य विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम में भाग लिया।श्री सरावगी ने‎ इस दौरान विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें कॉपी एवं कलम भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

‎कार्यक्रम के दौरान श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की अपनी यात्रा के दौरान सेवा को जनकल्याण का माध्यम बनाया है। उनका संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने, उसे सम्मान देने और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक वर्ग के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया है।

भाजपा ‎प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की निरंतर प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके सामर्थ्य को अवसर प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित