दरभंगा , नवंबर 01 -- ारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय, के सचिव अविनाश जोशी ने रविवार को दरभंगा के एक दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र तथा जिले की विभिन्न मखाना प्रसंस्करण इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। श्री जोशी ने इस दौरान मखाना उत्पादन, अनुसंधान, प्रसंस्करण एवं विपणन की संभावनाओं का जायजा लिया तथा किसानों और उद्यमियों से सीधा संवाद किया।

श्री जोशी ने सर्वप्रथम राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र पहुंचकर मखाना की खेती, उत्पादन तकनीक, अनुसंधान एवं प्रसंस्करण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने मखाना उत्पादन से लेकर तैयार उत्पाद के निर्माण तक की प्रक्रिया को समझा। साथ ही मखाना बोर्ड से संबंधित गतिविधियों एवं जिले में उसके क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की।इस दौरान उन्होंने मखाना उत्पादक किसानों से बातचीत कर खेती की तकनीक, उत्पादन, गुणवत्ता, प्रसंस्करण और बाजार में बिक्री से जुड़ी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। किसानों ने उत्पादन के दौरान आने वाली कठिनाइयों और अपनी अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।

सचिव ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा किसानों, अनुसंधान संस्थानों और प्रसंस्करण उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता एवं संभावनाओं का जायजा लिया।

मखाना अनुसंधान केंद्र परिसर में उद्यमियों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मखाना आधारित उत्पादों की विविधता, गुणवत्ता और प्रसंस्करण तकनीक की जानकारी ली। उन्होंने उद्यमियों से उत्पादन क्षमता, आधुनिक तकनीक के उपयोग, उत्पाद निर्माण तथा बाजार में उपलब्धता के संबंध में भी चर्चा की।इसके बाद सचिव ने बेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित आध्या एग्रोटेक लिमिटेड की मखाना प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कच्चे मखाना के प्रसंस्करण से लेकर तैयार उत्पाद के निर्माण तक की विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने दोनार औद्योगिक क्षेत्र स्थित सी फूड प्राइवेट लिमिटेड की मखाना प्रसंस्करण इकाई का भी निरीक्षण किया तथा वहां अपनाई जा रही तकनीक, उत्पादन क्षमता और इकाई के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कौशल कुमार, निदेशक (खाद्य प्रसंस्करण), बिहार प्रद्युम्न सिंह यादव, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुरुचि कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित