दरभंगा , अप्रैल 08 -- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा विस्तार योजना के तहत दरभंगा जिले में केंद्रीय विद्यालय संख्या-3 (एम्स परिसर) के तत्काल संचालन को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही दरभंगा बिहार के उन 14 जिलों में पहला जिला बन गया है, जहां सिविल सेक्टर में सभी आवश्यक शर्तें पूरी होने के बाद नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को स्वीकृति दी गई है।

केंद्र सरकार ने देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को स्वीकृति दी थी। इनमें बिहार के लिए 19 विद्यालय शामिल हैं। इनमें कटिहार और सीतामढ़ी के एक-एक विद्यालय रक्षा क्षेत्र (डिफेंस सेक्टर) के लिए प्रायोजित हैं। दरभंगा में यह तीसरा केंद्रीय विद्यालय होगा।

बिहार में केंद्रीय विद्यालय विस्तार को गति देने के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के आदेश के अनुसार दरभंगा में केवी संख्या-3 को मंजूरी भूमि हस्तांतरण और अस्थायी भवन उपलब्ध कराने जैसी अनिवार्य शर्तें पूरी होने के बाद दी गई है। विद्यालय के लिए पांच एकड़ भूमि निर्माणाधीन एम्स परिसर के समीप दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित