पटना , जुलाई 08 -- ाज्य सरकार के स्पष्ट निर्देशों के आलोक में, सकरी और रैयाम में खुल रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने एक बड़ी रणनीति तैयार की है। सरकार का सीधा और स्पष्ट लक्ष्य है कि किसानों को गन्ने की लाभकारी खेती के लिए प्रेरित किया जाए। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा मिलों को पर्याप्त गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 'गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026' चलाने का निर्देश दिया गया है।दरभंगा में इस महाभियान की शुरुआत से पूर्व, राज्य स्तर पर दो जुलाई को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई है। बैठक में सचिव ने जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर अभियान समितियों को सक्रिय करने तथा किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को खेती से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
राज्य सरकार और गन्ना उद्योग विभाग के सचिव द्वारा दिए गए इन्हीं निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए, आज दरभंगा के जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक (ईख विकास) उपस्थित रहे। इस बैठक में सकरी एवं रैयाम चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। मूल बैठक में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से किसानों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर रहने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित