दरभंगा , अगस्त 25 -- िहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर मंगलवार को दरभंगा प्रमंडल स्तर पर पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के करीब 300 पारा विधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त सचिव अविनाश कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रशिक्षण के दौरान पारा विधिक स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों, नालसा की विभिन्न योजनाओं तथा विधिक सेवा से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने कहा कि पारा विधिक स्वयंसेवक न्याय व्यवस्था और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने पीएलवी से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि पीएलवी का दायित्व केवल लोगों को कानून की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें विधिक सेवा संस्थाओं तक पहुंचाने में सहयोग करना भी है। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए पीएलवी को सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभानी चाहिए।
श्री शर्मा ने पीएलवी से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों एवं समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंच बनाने तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीएलवी को अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझते हुए लोगों में कानून के प्रति विश्वास पैदा करने का भी प्रयास करना चाहिए।
संयुक्त सचिव अविनाश कुमार ने पारा विधिक स्वयंसेवकों से संवाद कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा उनके कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने पीएलवी को विधिक सेवा प्राधिकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की सचिव आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि मंच संचालन द्वितीय श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद सौरव ने किया। सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के अभिजीत एवं यूनिसेफ के अजय कुमार ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर के सचिव मनोज कुमार, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ त्रिपाठी, सेंटर डायरेक्ट कवच परियोजना के रामविनय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। दरभंगा सदर के पारा विधिक स्वयंसेवकों तथा विधिक साक्षरता क्लब के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित