दरभंगा , मार्च 06 -- दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के गॉयनिक विभाग की जूनियर रेजीडेन्ट डॉ. नरगिस परवीन के संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में सफल होने पर ग्रामीण एवं परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

दरभंगा जिले के सिंहवारा प्रखंड के बहुआरा गांव में समीदा खातून एवं मोहम्मद साजिद की ज्येष्ठ पुत्री डॉ. नरगिस ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 51 वां स्थान लाकर इलाके को गौरवान्वित किया है, जिससे लोगों में खुशी है।

डॉ. नरगिस परवीन ने पहले प्रयास में ही 51वां रैंक लाकर सफलता हासिल की है। परिणाम आने के साथ भाई मोहम्मद दुलारे , मोहम्मद निराले, मोहम्मद फैसल एवं मां समीदा खातून एवं परिजन खूशी से फुले नहीं समां रहें हैं।

इस सफलता के बाद नरगिस ने कहा कि वह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती थी और अब उन्हें यह अवसर मिला है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया। नरगिस ने ऑनलाइन घर पर रहकर तैयारी करके इस मुकाम को हासिल किया है। नरगिस चार भाई बहनों में सबसे बड़ी है। इनके माता पिता पेशे से मजदूर हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित