दरभंगा , फरवरी 27 -- बिहार में दरभंगा जिले की पुलिस ने जमालपुर थाना अंतर्गत फायरिंग की घटित घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो भाईयों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। बिरौल अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार की शाम जमालपुर थानाध्यक्ष को सूचना प्राप्त हुई थी कि जमालपुर थाना अंतर्गत फायरिंग होने की घटना घटित हुई है। इस संबंध में जमालपुर थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। उक्त कांड के अनुसंधान के क्रम में असामाजिक तत्वों के कुशेश्वरस्थान थाना अंतर्गत ब्रह्मपुर गॉव में छुपने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त सूचना के आलोक में कुशेश्वरस्थान थाना एवं जमालपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा छापामारी किया गया।
श्री तिवारी ने बताया कि छापामारी के क्रम में ब्रह्मपुर गॉव में मालती देवी के घर से मुक्तेश्वर मुखिया एवं राहुल मुखिया को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन दोनों के बताए गए ठिकाने से तीन देशी कट्टा, पांच कारतूस, एक खोखा एवं पांच मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों अपराधियों की पहचान कुशेवरस्थान थाना के बर्रा गॉव निवासी गंगाराम मुखिया के दोनों पुत्र मुक्तेश्वर मुखिया एवं राहुल मुखिया के रूप में की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित