दरभंगा , जुलाई 07 -- िहार के दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचलनगर-चंदनपट्टी में मंगलवार को एक निर्माणाधीन चारदीवारी के पास हुए विस्फोट में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, घटना पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे उस समय हुई, जब निर्माणाधीन स्थल पर मजदूर शटरिंग खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रॉड में टंगा एक झोला हटाने के प्रयास में उसमें तेज विस्फोट हो गया, जिससे चंचलनगर-चंदनपट्टी निवासी रामबाबू पासवान तथा भुल्ला उर्फ कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों ने बताया कि घटना सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) तथा डॉग स्क्वायड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट के कारण, विस्फोटक के प्रकार तथा उसे वहां रखने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था, उसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि घटना का संबंध इसी विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
पुलिस के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित