दरभंगा , अप्रैल 12 -- बिहार में दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में रविवार की शाम आग से झुलसकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी, तथा चार अन्य गंभीर रूप से झुलसे गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुंदरपुर तेनू पेड़ मुहल्ला में बेचन दास की बहू निशु कुमारी (22) खाना बना रही थी। इस दौरान रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस घटना में निशु कुमारी, उसके पति गोविंद कुमार (24) और चार माह के पुत्र की मौके पर हीझुलसकर मौत हो गई। इस घटना में घर के अन्य दो सदस्य सहित पड़ोसी आदित्य गंभीर रूप से झुलस गये।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग पर काबू पाने दौरान सदर अनुमंडल के अग्निशमन पदाधिकारी चंद्रकिशोर पासवान भी झुलस गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।आदित्य की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है।

जिला आपदा पदाधिकारी सलीम अख्तर ने बताया कि आग कैसे लगी है, इसकी जांच कराई जा रही हे।

वहीं थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित