दरभंगा , जुलाई 07 -- बिहार में दरभंगा जिला प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को दरभंगा जिले में 48 स्थानों पर सहयोग शिविर आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम मनीगाछी प्रखंड के राजे पंचायत भवन में आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी तथा जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है। यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन से प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान, सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का यह सबसे अच्छा और सशक्त माध्यम बनेगा।

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने काउंटर लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से आवेदन प्राप्त किए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन दिए।

कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित