दरभंगा , फरवरी 08 -- बिहार के दरभंगा जिले में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आज बताया कि शनिवार की देर शाम विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के भटवा पोखर के समीप छह वर्षीय बच्ची का शव मिला था। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शनिवार की रात को हीं आरोपी विकास महतो को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची के घर के बगल में ही रहने वाले विकास ने तालाब किनारे खेल रही बच्ची को प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले गया और दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।

इस बीच आज सुबह मासूम के साथ हुई हैवानियत की घटना को लेकर हिंसा भड़क गई और बड़ी संख्या में मोहल्ला वासियों ने बेला मंदिर के समीप सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया और पुलिस से बलात्कारी को सौंपने की मांग की। प्रदर्शन कर लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलरेड्डी ने बताया कि उग्र प्रदर्शनकारियों पर हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को सामान्य किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच)भेज दिया गया है।

दरभंगा के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। उन्होंने पीड़ित परिवार से भी बात कर हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। तत्काल इलाके में मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस जघन्य अपराध के मामले की दिन प्रतिदिन सुनवाई को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश से अनुरोध भी किया जाएगा और दो महीने के भीतर दोषी को सजा दिलाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित