दरभंगा , मार्च 24 -- बिहार में दरभंगा पुलिस ने बीती रात 18 डब्बों में राखी 221 ग्राम हीरोइन(नशीले प्रदार्थ) के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सदर थाना अध्यक्ष केतन अशोक इंगोले ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के अंतर्राज्यीय गिरोह का भण्डाफोड़ कर पांच तस्करों की गिरफ्तारी की गयी है। उन्होंने बताया कि सोमवार की देर रात विशेष कार्यवल नारकोटिक्स सेल, मध्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार पटना से मिली सूचना के आधार पर सदर थाना अंतर्गत दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पर पूर्णिया से दरभंगा पहूँची बस से तीन हेरोइन तस्करों को 18 डब्बों में रखी 221 ग्राम हीरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पकड़ी गयी हेरोइन का बाजार मूल्य 60 लाख अनुमानित है।
श्री इंगोले ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह सिलचर से पूर्णिया पहुंचे हैं और उन्हें दरभंगा होते हुए पटना जाकर मादक पदार्थों की डिलीवरी देनी थी। पुलिस ने तस्करों के पास से सिलचर से पूर्णिया का टिकट भी बरामद किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दरभंगा में गिरफ्तार मोतिहारी जिला के फेनाला थाना अंतर्गत फेनाला गांव के कुंदन कुमार के पास से 74 ग्राम, इसी गांव के दीपू कुमार के पास से 73 ग्राम और रत्नेश कुमार के पास से 74 ग्राम समेत कुल 221 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ है।
श्री इंगोले ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर रत्नेश कुमार की निशानदेही पर पटना जिला अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार अपार्टमेंट में छापेमारी कर मनीष कुमार सिंह एवं कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया गया है जहां से कुल 10 पैकेट हीरोइन, 4 सोने की अंगूठी, एक स्कॉर्पियो एवं तीन मोबाइल बरामद कर जप्त किया गया है। इस संदर्भ में शाहपुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटना से गिरफ्तार तस्करों में मनीष सिंह 30 वर्ष और कन्हैया कुमार 21 वर्ष शामिल है जो समस्तीपुर जिला के मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित