दरभंगा , जनवरी 20 -- बिहार के दरभंगा जिले में एक पुलिसकर्मी का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई।

बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएमपी-13 परिसर के पास स्थित एक जर्जर भवन में पुलिसकर्मी संतोष कुमार सिंह उर्फ संजय सिंह का शव मिला। वह बीएमपी-13 के मेस में रसोईया के रूप में कार्यरत थे।

बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनंजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेजा गया, जहां प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। मृतक छपरा जिले के मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोखर गांव का मूल निवासी था।

वहीं बीएमपी-13 के पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार झा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार संतोष कुमार सिंह पिछले कई वर्षों से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने बताया कि मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जो नाबालिग हैं। पोस्टमार्टम के बाद एक पुलिस अधिकारी और चार पुलिसकर्मियों के साथ शव को उनके पैतृक गांव छपरा भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित