उत्तरकाशी , जून 03 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रैक क्षेत्र में लापता महिला ट्रेकर की तलाश बुधवार पांचवें दिन भी जारी रही।

जिला प्रशासन के नेतृत्व में विभिन्न विभागों और एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक तलाश एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में संचालित अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, आईटीबीपी तथा आपदा प्रबंधन की क्यूआरटी टीम के अधिकारी और जवान लगातार जुटे हुए हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों, घने जंगलों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

महिला ट्रेकर की तलाश को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को विशेष डीप डाइविंग टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रैक क्षेत्र के आसपास स्थित झीलों, जलाशयों और अन्य जल स्रोतों में विशेष खोज अभियान शुरू किया। डीप डाइविंग टीम में एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन के मास्टर ट्रेनर तथा क्यूआरटी के प्रशिक्षित सदस्य शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार खोज अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सभी संभावित स्थानों को चिन्हित कर तलाशी ली जा रही है। हालांकि घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला ट्रेकर की तलाश में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती, तब तक अभियान पूरी गंभीरता और संसाधनों के साथ निरंतर जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित