भिवानी , अप्रैल 29 -- हरियाणा के दमकल विभाग के कर्मियों की लंबित मांगों और जारी हड़ताल को लेकर सर्व कर्मचारी संघ (सकसं) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने एक मई, अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर महाप्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की आठ अप्रैल से जारी हड़ताल और कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की गयी। बैठक का संचालन जिला सचिव धर्मवीर भाटी ने किया, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए सुमेर सिंह आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगें मानने के बजाय रोडवेज चालकों और होमगार्ड से जबरन दमकल का काम ले रही है, जो खतरनाक है। उन्होंने कहा कि बिना प्रशिक्षण के ऐसे कार्य करवाना जानमाल के लिए जोखिम भरा है, खासकर गर्मी के मौसम में जब आगजनी की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

संघ की प्रमुख मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले कर्मियों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, शहीद का दर्जा, जोखिम और वर्दी भत्ता तथा आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाना शामिल है।

राज्य सचिव अशोक पिलानिया ने बताया कि एक मई को नेहरू पार्क में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में लेबर कोड बिल रद्द करने, बढ़े हुए कार्य घंटों को वापस लेने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन बहाल करने और आठवें वेतन आयोग के गठन और अन्य मांगें उठाई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित