समस्तीपुर , सितंबर 19 -- बिहार में समस्तीपुर के जिलाधिकारी (डीएम) रोशन कुशवाहा ने शनिवार को समस्तीपुर स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का औचक निरीक्षण कर वहां आवासित बच्चों की देखरेख, संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में रह रहे बच्चों की आवश्यकताओं और उनके लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में शून्य से छह वर्ष आयु वर्ग के अनाथ, परित्यक्त एवं अभ्यर्पित बच्चों को आवासित कर उनकी समुचित देखभाल एवं संरक्षण किया जाता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिन बच्चों के माता-पिता अथवा परिवार का पता नहीं चल पाता है, उन्हें निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया एवं केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण के नियमों के तहत योग्य दत्तक माता-पिता को गोद दिए जाने की प्रक्रिया की जाती है।

श्री कुशवाहा ने बाल संरक्षण एवं दत्तक ग्रहण से संबंधित जागरूकता को आमजनों के बीच बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि यदि कहीं कोई अनाथ, बेसहारा अथवा परित्यक्त बच्चा मिलता है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, जिससे बच्चे को आवश्यक देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित