दतिया/भोपाल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह की जीत का दावा करते हुए कहा है कि दतिया की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और कांग्रेस प्रत्याशी 25 हजार से अधिक मतों से विजयी होंगे।
उपचुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने रैली को जनता के समर्थन और बदलाव की भावना का संकेत बताया।
रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, फूल सिंह बरैया, विधायक नितेंद्र राठौर, महेश परमार, सिद्धार्थ कुशवाहा, पंकज उपाध्याय, साहब सिंह गुर्जर, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता के बीच पहुंचने पर लगातार कांग्रेस के पक्ष में मजबूत जनभावना दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के विकास के दावे अब जनता के सामने उजागर हो चुके हैं और उपचुनाव में जनता लोकतंत्र, विकास, पारदर्शिता और जनहित के पक्ष में फैसला करेगी।
उन्होंने कहा कि दतिया की जनता भाजपा द्वारा बनाए गए भय के वातावरण को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगी। पटवारी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता का जो समर्थन मिला है, उससे कांग्रेस की जीत का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदान के दिन पूरी सक्रियता के साथ बूथों पर डटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह मतदाताओं तक पहुंचे और लोकतंत्र के इस पर्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने दतिया की जनता से कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सुबह ही अपने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और न्याय, विकास, पारदर्शिता तथा जनहित की राजनीति को समर्थन दें।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जन आशीर्वाद रैली में उमड़ा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि दतिया की जनता बदलाव के लिए तैयार है और उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक विजय की ओर बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित