भोपाल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश के प्रमुख जनहित के मुद्दों पर सरकार से श्वेत-पत्र जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश केवल एक विधानसभा क्षेत्र का फैसला नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं का प्रतीक है।
श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि दतिया के जनादेश से यह संदेश मिला है कि जनता अब झूठे वादे नहीं, बल्कि पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और ठोस परिणाम चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास आधारित विमर्श, समाधान केंद्रित राजनीति और जनकल्याण को प्राथमिकता देने वाली कार्यशैली की अपेक्षा रखती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश सरकार प्रमुख जनहित के मुद्दों पर क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करे, ताकि जनता के सामने वास्तविक स्थिति पारदर्शी रूप से रखी जा सके। उनके अनुसार इसकी शुरुआत बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों एवं कृषि क्षेत्र की चुनौतियां, युवाओं के रोजगार, कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों तथा दलित-पिछड़ा वर्ग की स्थिति जैसे विषयों से की जा सकती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी इन विषयों पर अपने तथ्य, सुझाव और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से रखने के लिए तैयार है। उन्होंने सरकार से भी आग्रह किया कि वह तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर अपनी सहमति या असहमति दर्ज करे। उनका कहना है कि लोकतंत्र में आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों पर आधारित संवाद की स्वस्थ परंपरा विकसित होनी चाहिए।
श्री पटवारी ने पत्र में कहा कि यदि इस प्रकार की श्वेत-पत्र प्रक्रिया शुरू होती है तो प्रदेश की राजनीति आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर जवाबदेही और समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगी, जिसका सबसे अधिक लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दतिया के जनादेश को केवल राजनीतिक जीत-हार तक सीमित न रखकर प्रदेश के भविष्य के लिए एक अवसर के रूप में स्वीकार किया जाए तथा जनता की उम्मीदों और वास्तविक विकास के लिए श्वेत-पत्रों की नई परंपरा शुरू की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित