भोपाल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि दतिया की जनता आगामी उपचुनाव में भाजपा को पराजित करेगी।
श्री सिंघार ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही पार्टी की आंतरिक गुटबाजी सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरों पर गुटबाजी का आरोप लगाने वाली भाजपा स्वयं आंतरिक कलह से जूझ रही है।
उन्होंने कहा कि पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को राजनीतिक रूप से किनारे कर दिया है। उनका दावा था कि अब दतिया की जनता भी उपचुनाव में भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दतिया के मतदाताओं ने पहले भी सत्ता के अहंकार को पराजित किया है और इस बार भी क्षेत्र की जनता हिंसा, गुंडाराज, भ्रष्टाचार तथा कथित दादागिरी के खिलाफ अपने मताधिकार का प्रयोग करेगी।
उन्होंने दावा किया कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार तय है और क्षेत्र की जनता शांति तथा विकास के पक्ष में मतदान करेगी। श्री सिंघार ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित