दतिया , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर स्वपनिल वानखेड़े ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।

श्री वानखेड़े ने बताया कि उपचुनाव में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि अपराह्न तीन बजे तक करीब 62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और उन्होंने स्वयं पूरे निर्वाचन पर लगातार नजर रखी। व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के कारण कहीं भी झड़प या तनाव की स्थिति नहीं बनी। एक-दो स्थानों से आपसी विवाद की शिकायतें मिलीं, जिन्हें प्रशासन और सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर शांतिपूर्वक सुलझा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए जिले में 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 233 को संवेदनशील (क्रिटिकल) श्रेणी में रखा गया था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लगभग 1,300 जवान, मध्यप्रदेश पुलिस के लगभग 800 जवान तथा अन्य सुरक्षा बलों सहित कुल करीब 2,500 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।

उन्होंने बताया कि मतगणना की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। मतदान समाप्त होने के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है तथा प्रत्याशियों के अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

श्री वानखेड़े ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में सहयोग के लिए मीडिया प्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने मतदाताओं को जागरूक करने और सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन में सहयोग मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित