कोलकाता , मार्च 24 -- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में चुनाव से कुछ दिन पहले रायदीघी क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद तनाव फैल गया। इस मामले को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

पुलिस के अनुसार, रायदीघी थाना क्षेत्र के मेना गांव से मंगलवार को किशोर माझी का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सक्रिय कार्यकर्ता था।

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के आरोप सामने आए हैं, हालांकि पुलिस उसके निजी संबंधों के पहलू की भी जांच कर रही है। माझी की पत्नी और उसके कथित प्रेमी गोविंदा हलधर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम त्रिकोण को हत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है।

इस बीच, भाजपा ने इसे राजनीतिक हत्या करार देते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस समर्थित लोगों ने सुनियोजित तरीके से उनके कार्यकर्ता की हत्या की है। रायदीघी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पलाश राणा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वहीं तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। राज्य मंत्री फिरहाद हकीम ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभी यह कहना संभव नहीं है कि हत्या किसने की है और कानून अपना काम करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित