चेन्नई , फरवरी 18 -- दक्षिण रेलवे ने गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) से माल ढुलाई के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया है।
दक्षिण रेलवे की ओर से बुधवार को बताया गया कि दक्षिण रेलवे जीसीटी के चालू होने के बाद से अपने माल ढुलाई की क्षमता को लगातार बढ़ा रहा है और इससे आमदनी भी काफी बढ़ी है। दक्षिण रेलवे माल ढुलाई के काम में मदद के लिए कार्गो से जुड़ी सुविधाएं, ज़मीनी स्तर पर आधुनिक रसद अवसंरचना बनाकर जीसीटी के लक्ष्य को पूरा करती हैं। दक्षिण रेलवे ने जुलाई 2023 से चेन्नई मंडल के मनाली में चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड-जीसीटी (सीपीसीटी ) में जीसीटी चालू किया था और इसने 138 आउटवर्ड रेक (05.59 लाख टन) माल संभाले हैं, जिससे 54.70 करोड़ रुपये की कमाई हुई है।
वहीं सेलम मंडल में मई 2024 में अधिसूचित किए गये करूर के पास अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड-जीसीटी (यूसीटीवी ) ने 442 रेक (16.79 मिलियन टन) का सीमेंट का परिवहन किया है। तिरुचिरापल्ली मंडल में अरियालुर (एलुम ) और इच्चंगडू (आीसीएम) में रैम्को सीमेंट्स लिमिटेड के जीसीटी ने मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है।
दक्षिण रेलवे के अनुसार अरियालुर ने 277 आउटवर्ड रेक (07.97 लाख टन) और 328 इनवर्ड रेक (12.51 लाख टन) माल का परिवहन कर 52.95 करोड़ रुपये कमाये। वहीं इच्चंगडू ने 252 इनवर्ड रेक (09.65 लाख टन) के अलावा 149 आउटवर्ड रेक (02.88 टन) के जरिये 29.58 करोड़ रुपये कमाये।
इसी तरह से मदुरै मंडल के तुलुक्कपट्टी (टीवाईएसजी) में जीसीटी ने 247 रेक (05.08 लाख टन) माल को संभालकर सीमेंट की लगातार आवक को आसान बनाया है, जबकि चेन्नई मंडल के पोन्नेरी में नवंबर 2025 में चालू हुए एसआईसीएल मल्टीमॉडल गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (एसएमजीपी) ने भी कार्गो हैंडलिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है और इस इलाके में मल्टीमॉडल माल ढुलाई और रेल-आधारित रसद को बढ़ाने के लिए तैयार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित