मेदिनीनगर , जून 22 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) ने झारखंड के धनबाद मंडल के सीपीडीआर-बरवाडीह-महुआमिलान रेलखंड में तीसरी अप लाइन के कमीशनिंग कार्य के लिए 23 जून से 27 जून 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किए जाने की घोषणा की है।
इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 17 जून से 22 जून तक तथा नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 23 जून से 27 जून तक चलेगा।
इस दौरान पलामू और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।सबसे अधिक असर दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा, क्योंकि ट्रेन संख्या 18635 रांची-सासाराम एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18636 सासाराम-रांची एक्सप्रेस को 23, 24, 25, 26 और 27 जून 2026 को रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेन पलामू, गढ़वा और रोहतास जिले के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क साधन मानी जाती है।इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह तथा डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह सहित कई पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में रद्द रहेगा।
वहीं, हटिया-नई दिल्ली, रांची-नई दिल्ली, आनंद विहार-हटिया, हावड़ा-जबलपुर, टाटा-जम्मूतवी और धनबाद-भोपाल समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। रेलवे ने 23 जून से 27 जून तक बरवाडीह स्टेशन पर कुछ ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को भी वापस लेने का निर्णय लिया है। इस अवधि में यात्रियों को डाल्टनगंज अथवा महुआमिलान स्टेशन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप, हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा संबंधित स्टेशन से प्राप्त करने की अपील की है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना पट, एसएमएस और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित