सोल , जनवरी 20 -- दक्षिण कोरिया ने जनवरी 2024 में राष्ट्रपति ली जे-म्यांग पर हुए चाकू हमले को आधिकारिक तौर पर आतंकी घटना घोषित किया है।
मीडिया रिपोर्टों में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री किम मिन-सोक की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक समिति की बैठक में इस घटना को औपचारिक रूप से आतंकवादी कृत्य के रूप में मान्यता दी गई। वर्ष 2016 में आतंकवाद निरोधक कानून लागू होने के बाद यह पहला मामला है, जिसे आधिकारिक तौर पर आतंकी घटना घोषित किया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि जनवरी 2024 में, उस समय विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता रहे ली जे-म्यांग पर दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर बुसान के पास गाडेओकदो नए हवाईअड्डे के निर्माण स्थल के दौरे के दौरान हमला किया गया था। एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को समर्थक बताकर उनके पास पहुंचकर चाकू से उनकी गर्दन के बाईं ओर हमला किया था। हमले में श्री ली जे-म्यांग की गर्दन पर गंभीर घाव आए थे और उनकी आंतरिक जुगुलर नस को नुकसान पहुंचा था। इस मामले में शीर्ष अदालत ने फरवरी 2025 में हमलावर को 15 साल की जेल की सजा को अंतिम रूप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित