सियोल , अगस्त 12 -- दक्षिण कोरिया के मीडिया नियामक ने बुधवार को गूगल और एप्पल को देश के दूरसंचार कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया।

नियामक ने कहा कि दोनों अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने ऐप बाजार में अपनी प्रभावशाली स्थिति का दुरुपयोग किया।

सियोल स्थित योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, कोरिया मीडिया कम्युनिकेशंस कमीशन ने अपनी नियमित बैठक में यह निर्णय लिया। हालांकि, दोनों कंपनियों के खिलाफ लगायी जाने वाली कार्रवाई और दंड की राशि का निर्धारण बाद में किया जाएगा।

यह मामला दक्षिण कोरिया के दूरसंचार कारोबार कानून में 2021 में किए गए संशोधन से जुड़ा है। इस संशोधन का उद्देश्य बड़े ऐप मार्केट संचालकों को डेवलपरों पर अपने ही इन-ऐप भुगतान तंत्र का इस्तेमाल अनिवार्य करने से रोकना था।

संशोधन के बाद गूगल और एप्पल ने उपयोगकर्ताओं को तीसरे पक्ष के भुगतान तंत्र के माध्यम से खरीदारी करने की अनुमति दी। हालांकि, दोनों कंपनियों ने वैकल्पिक भुगतान माध्यमों से की गयी खरीदारी पर करीब 26 प्रतिशत लेनदेन शुल्क लगाया।

नियामकों और ऐप डेवलपरों ने इन शुल्कों की आलोचना की और तर्क दिया कि इससे कानून में किए गए संशोधन का मूल उद्देश्य प्रभावी रूप से कमजोर हो गया। दक्षिण कोरिया प्रमुख ऐप स्टोर संचालकों द्वारा अनिवार्य इन-ऐप भुगतान प्रणाली के इस्तेमाल पर कानूनी प्रतिबंध लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित