सियोल , अक्टूबर 18 -- दक्षिण कोरिया की प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने रविवार को कहा कि उनका देश उत्तर कोरिया के साथ लंबे समय से रुकी हुई बातचीत को फिर से शुरू करने और दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रखेगा।
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार सुश्री हान ने कहा कि उनका देश उत्तर कोरिया के साथ संचार माध्यमों को फिर से खोलने और शांति तथा साझा समृद्धि पर बातचीत करने के लिए आधार तैयार करने का काम करेगा। सुश्री हान ने कहा, "दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत के रास्ते खोलने तथा शांति और साझा समृद्धि पर चर्चा करने के प्रयास किए जाएंगे।"प्रधानमंत्री ने दोनों कोरियाई देशों के बीच विभाजन को एक निरंतर वास्तविकता के रूप में स्वीकार करते हुए उन विस्थापित लोगों और परिवारों के गहरे दर्द को रेखांकित किया, जो दशकों से चले आ रहे संघर्ष के कारण एक-दूसरे से अलग हो गए हैं।
उन्होंने कहा, "दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का रास्ता खोलने के हमारे प्रयास रुक नहीं सकते।" गौरतलब है कि दोनों देशों ने अप्रैल 2018 में पनमुनजोम गांव में ऐतिहासिक 'पनमुनजोम घोषणापत्र' पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कोरियाई प्रायद्वीप में शांति की दिशा में काम करने का संकल्प लिया गया था।
तकनीकी रूप से हालांकि ये दोनों पड़ोसी देश अभी भी युद्ध की स्थिति में हैं क्योंकि 1950-53 का कोरियाई युद्ध किसी शांति संधि की बजाय केवल एक युद्धविराम (आर्मिस्टिस) के साथ समाप्त हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित