श्रीनगर , जुलाई 11 -- जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में अमरनाथ यात्रा के नुनवान आवास शिविर में शनिवार को प्रदेश पुलिस ने चेहरा पहचानने वाली प्रणाली (एफआरएस) की मदद से आतंकवादियों को मदद पहुंचाने वाले एक व्यक्ति (ओजीडब्ल्यू) को हिरासत में ले लिया ।

पुलिस ने बताया कि बांदीपोरा के हाजिन निवासी मोहम्मद इक़बाल वानी को उस हिरासत में लिया गया, जब अनंतनाग पुलिस द्वारा लगाए गये एफआरएस ने नुनवान आधार शिविर के एक्स-रे पॉइंट ने समय रहते अलर्ट जारी किया।

पुलिस ने कहा, "एफआरएस अलर्ट पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को रोका और उसकी पहचान की पुष्टि की, जिसमें उसके ओजीडब्ल्यू होने की पुष्टि हुई। आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।"गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा को लेकर मज़बूत सुरक्षा इंतज़ामों के तहत पुलिस ने एफआरएस तैनात किया है। आठ जुलाई को, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले के सरबल इलाके में उनकी गतिविधियों के बारे में अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने उन्नत निगरानी एफआरएस की मदद से तीन कथित ओजीडब्ल्यू को गिरफ़्तार किया था।

पुलिस ने कहा, "यह सफल कार्रवाई श्री अमरनाथ जी यात्रा के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए अनंतनाग पुलिस द्वारा स्थापित बहु स्तरीय सुरक्षा प्रणाली में शामिल उन्नत तकनीक की प्रभावशीलता को दर्शाती है। चहरे की पहचान करने वाली प्रणाली की तैनाती से वास्तविक समय पर निगरानी मज़बूत होती है, प्रवेश नियंत्रण बेहतर होता है और संभावित सुरक्षा खतरों पर तुरंत प्रतिक्रिया देना संभव होता है।"वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा में शनिवार को तीर्थयात्रियों की संख्या दो लाख के पार पहुँच गयी है। यात्रा के आठ दिनों के भीतर दो लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किये। अधिकारियों ने बताया कि यात्रा अनंतनाग ज़िले में पारंपरिक पहलगाम रूट और गांदरबल ज़िले में छोटे बालटाल मार्ग दोनों पर सुचारू रूप से चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित