हैदराबाद , अप्रैल 03 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि राज्य दक्षिण एशिया का प्रमुख टेक्सटाइल हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह क्षेत्र आर्थिक विकास का बड़ा इंजन बनेगा।
हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) में आयोजित दो दिवसीय एशियन टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दुनियाभर से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया और उन्हें विकास में भागीदार बताया।
उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध वस्त्र परंपरा विश्व स्तर पर प्रसिद्ध रही है, जिसमें कला और संस्कृति की अहम भूमिका रही है। तेलंगाना की पहचान पोचमपल्ली इकट, गडवाल सहित पारंपरिक बुनाई से जुड़ी रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "टेक्सटाइल केवल उद्योग नहीं, बल्कि हमारे बुनकर समुदायों की जीवनरेखा है।" उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक रूप से हैदराबाद कपड़े और मोतियों के लिए विश्वभर के व्यापारियों का प्रमुख केंद्र रहा है।
श्री रेड्डी ने बताया कि तेलंगाना देश में उच्च गुणवत्ता वाले कपास के बड़े उत्पादकों में शामिल है, जिसे वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने वारंगल में स्थापित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क को विश्वस्तरीय टेक्सटाइल गंतव्य बताया। राज्य की मजबूती पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना "कौशल और इच्छाशक्ति" का बेहतरीन संयोजन है और तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स, एयरोस्पेस, रक्षा, विनिर्माण और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा, भूमि, बिजली-पानी की उपलब्धता, आकर्षक प्रोत्साहन और त्वरित मंजूरी का भरोसा दिया। उन्होंने कहा, "यदि आपके पास परिकल्पना है, तो तेलंगाना वैश्विक सफलता के लिए आपका सबसे बेहतर साझेदार है।"उन्होंने सतत विकास पर जोर देते हुए ग्रीन टेक्सटाइल हब और पर्यावरण-अनुकूल विधियों को बढ़ावा देने की बात कही। इसके साथ ही, कौशल विकास-विशेषकर महिलाओं के सशक्तिकरण-पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
श्री रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद विभिन्न उद्योगों, खासकर फिल्म निर्माण के क्षेत्र में तेजी से वैश्विक पहचान बना रहा है। राज्य सरकार फिल्म उद्योग को स्थानीय स्तर पर फैशन और परिधान स्रोत बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी, जिससे टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूती मिलेगी।
निवेशकों और उद्योग से जुड़े हितधारकों से सहयोग का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना केवल एक राज्य नहीं, बल्कि "विकास का इंजन और सफलता का साझेदार" है। उन्होंने विश्वास जताया कि एशियन टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस 2026 टेक्सटाइल उद्योग में सार्थक साझेदारियों और नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित