क्राइस्टचर्च , मार्च 25 -- कॉनर एस्टरहाउजन (75) और रूबिन हरमन (39) की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को पांचवें टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली। कॉनर एस्टरहाउसजन को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' और प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में के. क्लार्क (दो) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके और विकेट गंवाते रहे। न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 154 रन ही बना सकी और मुकाबला 33 रनों से हार गई। टिम रॉबिनसन 20 गेंदों में (25), डेन क्लीवर 17 गेंदों में (22), बी जैक्बस 19 गेंदों में (36), कप्तान जिमी नीशम (24), निक केली (14) और जॉश क्लार्कसन (13) रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के लिस गेराल्ड कोएत्जी , वियान मुल्डर और ऑटनील बार्टमैन ने दो-दो विकेट लिये। केशव महाराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित