मुम्बई , नवंबर 09 -- भारत ने सोमवार को आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए स्मृति मंधाना की अगुवाई में टी-20, एकदिवसीय और टेस्ट महिला टीम की घोषणा कर दी।
जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर अपनी-अपनी चोटों से उबर चुकी हैं और उन्हें अगले महीने होने वाले भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम में चुना गया है। अमनजोत लंबे समय तक चोट के कारण मैदान से बाहर रहने के बाद केवल टी-20 सीरीज के लिए वापसी कर रही हैं। वहीं, रोड्रिग्स 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के दौरान इंग्लैंड में लगी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद तीनों फॉर्मेट के लिए टीम में वापस आ गई हैं।
रेणुका सिंह को हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज से बाहर रखा गया था, लेकिन अब वह 17 सदस्यीय टीम में वापस आ गई हैं। हालांकि, उन्हें टेस्ट और वनडे टीमों में जगह नहीं मिली है।
तेज गेंदबाज जिंतिमानि कलिता, जिन्होंने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, उन्हें टी-20 टीम से बाहर कर दिया गया है। लेकिन, वह वनडे टीम में अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहीं और उन्हें एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने श्रेयंका पाटिल को एक बार फिर टी-20 टीम में जगह नहीं दी है। दीप्ति शर्मा, श्री चराणी और प्रेमा रावत के रूप में स्पिन विकल्प मौजूद होने की वजह से, पाटिल के लिए टीम में कोई जगह नहीं बन पाई।
टी-20 टीम से मिन्नू मणि को बाहर रखा गया है, जबकि सयाली सतघरे को इस बार टी-20 टीम में शामिल किया गया है। वनडे टीम में केवल इतना बदलाव हुआ है कि तेजल हसबनीस और रेणुका की जगह रोड्रिग्स और कलिता को शामिल किया गया है। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद गर्मियों में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक टेस्ट मैच को जीतने वाली टेस्ट टीम में केवल एक बदलाव हुआ है - रेणुका की जगह कलिता को शामिल किया गया है। चोट के कारण लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर रहीं प्रतिका रावल की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उनकी जगह लेने वाली प्रिया पुनिया को 15 खिलाड़ियों की इस टीम से बाहर कर दिया गया है। टेस्ट के लिए भारत के पास तेज गेंदबाजी के विकल्प के तौर पर क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, कलिता और सतघरे हैं, जबकि स्पिनर के रूप में दीप्ति, श्री चरणी और स्नेह राणा टीम में शामिल हैं।
वनडे सीरीज में भी यही चार तेज गेंदबाज खेलेंगी, जबकि टी-20 में कलिता की जगह रेणुका और अरुंधति रेड्डी उपलब्ध रहेंगी। राणा को केवल टेस्ट के लिए चुना गया था, जबकि बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को सिर्फ वनडे सीरीज के लिए टीम में लिया गया है।
भारत दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैच खेलेगा। दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर को गेबेरहा में टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद 16 दिसंबर (पार्ल), 19 दिसंबर (केप टाउन) और 22 दिसंबर (ब्लूमफ़ोन्टेन) को वनडे मैच खेले जाएंगे। पहला टी-20 मैच 26 दिसंबर को बेनोनी में होगा, और आखिरी दो मैच 29 व 30 दिसंबर को पॉचेफस्ट्रूम में खेले जाएंगे। इसके अलावा, भारत 6 दिसंबर को बेनोनी में 50 ओवर का एक टूर मैच भी खेलेगा।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत की टीमें:-टेस्ट टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उप-कप्तान), श्री चरणी, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिन्तिमणि कलिता और सयाली सतघरे।
वनडे टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उप-कप्तान), श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिन्तिमणि कलिता और सयाली सतघरे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित