जोहानिसबर्ग , अप्रैल 23 -- कप्तान लॉरा वुलफार्ट (115) की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत को 21 गेंदे शेष रहते नौ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है।
बुधवार रात द वांडरर्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में एक विकेट पर 193 रन बनाकर मुकाबला और सीरीज अपने नाम कर ली। कप्तान लॉरा वुलफार्ट ने 53 गेंदों में 14 चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 115 रनों की शतकीय पारी खेली। उन्हें 16वें ओवर में श्रेयंका पाटिल ने आउट किया। सूने लुस ने 42 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 64 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित