बेरूत , फरवरी 15 -- इजरायल की वायुसेना ने रविवार तड़के दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में सिलसिलेवार हवाई हमले किए। लेबनान के सैन्य सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सूत्रों ने बताया, "बीती रात इजरायली युद्धक विमानों ने दक्षिणी लेबनान के कई क्षेत्रों पर भारी निर्देशित मिसाइलों से शक्तिशाली हमलों काे अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, ये हमले कई चरणों में किए गए, जिनमें पहाड़ी क्षेत्रों और आवासीय इलाकों के आसपास के क्षेत्र भी शामिल थे। कुल 14 हवाई हमले दर्ज किए गए। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (एनएनए) ने भी कई अन्य हमलों की सूचना दी है।

इजरायली सेना ने अपने अरबी भाषा के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में कहा है कि दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह आंदोलन के सैन्य ढांचे से जुड़ी सुविधाओं को निशाना बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2025 के अंत में लेबनान सरकार ने सेना को 2025 के अंत तक हथियारों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने का आदेश दिया था। इस निर्णय के तहत, सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपनी तैनाती बढ़ाते हुए, 27 नवंबर 2024 को इजरायल के साथ हुए संघर्षविराम समझौते के अनुसार हिज़्बुल्लाह के हथियार भंडारों और सुरंगों को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित