भिण्ड , जून 29 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक दंपति और उनकी बहन को बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और मोबाइल लूट लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार महुरी का पुरा निवासी धर्मेंद्र जाटव विदिशा में निजी नौकरी करता है और गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। रविवार रात वह अपनी पत्नी और बहन के साथ मोटरसाइकिल से एंडोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान नहर की पुलिया के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा कर रास्ता रोक लिया।
बदमाशों ने धर्मेंद्र पर कट्टा तानकर जान से मारने की धमकी दी और तीनों को बंधक बना लिया। इसके बाद महिलाओं से सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमकियां, करधनी, पायल सहित अन्य आभूषण उतरवा लिए। बदमाश धर्मेंद्र के गले की सोने की चेन और दो अंगूठियां भी ले गए। इसके अलावा पर्स में रखे 12 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए।
मोबाइल छिन जाने के कारण पीड़ित तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके। बाद में वे गोहद चौराहा थाने पहुंचे, जहां अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित