दंतेवाड़ा , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थित जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत सुशासन तिहार अभियान के तहत ग्राम पंचायत धुरली में 13 ग्राम पंचायतों का संयुक्त शिविर का आयोजन बुधवार को किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से संपर्क किया।

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, जिला पंचायत सदस्य तिलेश्वरी नागेश, जनपद सदस्य रामु नेताम, जनपद सदस्य कुणाल ठाकुर सहित सभी पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुल 406 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण भी किया गया। कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें कृषि कार्यों हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध होगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। वहीं मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स वितरित कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

शिविर में आधार सुधार, नया आधार निर्माण, महतारी वंदन योजना हेतु आधार लिंकिंग, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर से राहत मिली।

ग्रामीणों ने गांव स्तर पर आयोजित इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से अतिथियों का साल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित