दंतेवाड़ा , फरवरी 01 -- त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दोनों पालियों का आयोजन रविवार को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से हुआ। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के चलते परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बना रहा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।

जिला पीआरओ से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, पहली पाली में 2758 परीक्षार्थियों ने भाग लिया जबकि दूसरी पाली में 3383 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच और पहचान सत्यापन किया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही।

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी भरतराम ध्रुव ने जिले के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उड़नदस्ता दलों ने भी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर निगरानी रखी।

जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी केंद्रों पर पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने समयबद्ध प्रवेश, स्पष्ट दिशा-निर्देश और सहयोगात्मक वातावरण के लिए प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित