दंतेवाड़ा , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सामाजिक समरसता और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से संयुक्त कलेक्ट्रेट के शंखनी सभा कक्ष में शांति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों ने आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर बल दिया।

जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) ने मंगलवार को बताया कि बैठक में विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा की वास्तविक ताकत उसकी विविधता, आपसी भाईचारा और एकता में निहित है। उन्होंने समाज प्रमुखों और नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में शांति के प्रहरी के रूप में कार्य करने की अपील की। साथ ही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने तथा लोगों को जागरूक करने की जरूरत बतायी।

विधायक ने जिले में एक कोर समिति का गठन करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें सभी समाजों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को शामिल करने की बात कही गई। यह समिति सामाजिक समरसता बनाए रखने, विवादों के समाधान और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने में सहायक होगी।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि जिले की सामाजिक एकता को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और उत्तेजक सामग्री से दूर रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकतानुसार निर्धारित अवधि से पहले भी बैठक आयोजित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी सीधे अधिकारियों तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित