दंतेवाड़ा , जून 11 -- छत्तीसगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत दंतेवाड़ा जिले में 20 मई से 15 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, खुले में शौच की प्रवृत्ति समाप्त करने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में अभियान के तहत व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विकासखंड समन्वयक, युवोदय टीम और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत करा रही हैं।

अभियान के दौरान उन परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिनके घरों में अभी तक शौचालय उपलब्ध नहीं है। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं घर-घर जाकर शौचालय के अभाव में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, स्वच्छता के लाभ तथा शौचालय के नियमित उपयोग की आवश्यकता के बारे में जानकारी दे रही हैं।

इसके साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक निपटान और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को लेकर भी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। युवोदय टीम स्थानीय हल्बी और गोंडी भाषा में मुनादी कर ग्रामीणों तक स्वच्छता संबंधी संदेश पहुंचा रही है, जिससे अभियान का प्रभाव अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनभागीदारी आधारित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ गांवों के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित