दंतेवाड़ा , मार्च 02 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुए कत्ल के मामले में पुलिस ने दो वर्ष बाद बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त खाते की जमीन के मुआवजे की राशि हड़पने के उद्देश्य से की गई इस हत्या में परिवार के ही सदस्य (पोते) की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी 2024 को ग्राम आयतुपारा नेरली निवासी राजू तेलाम ने थाना बचेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी 2024 की रात्रि लगभग 11.30 बजे अचानक गांव की बिजली बंद हो गई। इसी दौरान उसकी मां सन्नी तेलामी ने शोर मचाते हुए बताया कि किसी ने उसके पिता बुधरू तेलाम पर हमला कर दिया है। जब परिजन घर से बाहर निकले तो पाया कि उनके और उनके भाई के घर के गेट को तार और रस्सी से बाहर से बांध दिया गया था। किसी तरह बंधन खोलकर वे मृतक के घर पहुंचे, जहां बुधरू तेलाम परछी में खाट पर खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर पर किसी धारदार वस्तु से वार किया गया था। उन्हें तत्काल एनएमडीसी अपोलो अस्पताल, बचेली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर धारा 302 भादवि के तहत अपराध क्रमांक 03/2024 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जमीन अधिग्रहण और मुआवजा राशि का पहलू संदिग्ध प्रतीत हुआ। ग्राम नेरली स्थित संयुक्त खाते की भूमि का एक हिस्सा वर्ष 2023 में एनएमडीसी लिमिटेड द्वारा स्लरी पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर और जल पाइपलाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित किया गया था। इसके एवज में लगभग छह लाख 88 हजार रुपये भूमि मुआवजा तथा लगभग 14 लाख रुपये पेड़ों का मुआवजा स्वीकृत हुआ था।
विवेचना में सामने आया कि सितंबर 2023 में कलेक्टर कार्यालय दंतेवाड़ा में खातेदारों भीमा, जोगा और बुधरू को मृत दर्शाकर राकेश तेलाम ने अपनी मां और भाई के साथ मिलकर छह लाख 88 हजार रुपये का चेक प्राप्त किया और उसे अपने बैंक खाते में जमा कर लिया। इस तथ्य की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को हो गई थी, जिससे उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की आशंका बन गई थी और शेष मुआवजा राशि प्राप्त करना भी संदिग्ध हो गया था।
पुलिस के अनुसार, इसी पृष्ठभूमि में आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 14 जनवरी 2024 की रात्रि वह घर से निकला, पहले मृतक के बेटों के घरों के गेट को बाहर से बांध दिया और ट्रांसफार्मर का स्विच निकालकर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। इसके बाद वह मृतक के घर पहुंचा और सोते समय गुप्ती से सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित