दंतेवाड़ा , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में जिला स्तरीय शिशु संरक्षण माह का शुभारम्भ मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने किया और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई।

जिला जन संपर्क अधिकारी अनुसार जिले में शिशु संरक्षण माह के तहत छह माह से 59 माह आयु वर्ग के 29,599 बच्चों को आयरन सिरप तथा नौ माह से 59 माह आयु वर्ग के 27,955 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा उनके समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस. मंडल ने बच्चों के बेहतर पोषण, समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिशुओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इस दौरान विशेष देखभाल की आवश्यकता है। इसके साथ ही जिले में संचालित विभिन्न शिशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी गई।

डॉ. रामटेके ने बताया कि शिशु संरक्षण माह के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा ग्राम स्तर पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के अंतर्गत टीकाकरण सुदृढ़ीकरण, कुपोषण की पहचान एवं प्रबंधन, नवजात एवं शिशु देखभाल संबंधी जागरूकता तथा माताओं को स्वास्थ्य परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन विशेष भूमिका निभाएंगी तथा घर-घर जाकर लाभार्थियों को जागरूक करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित