दंतेवाड़ा , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने "इया आपलो सामान निया" अभियान के अंतर्गत नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम हुई संपत्ति वापस लौटाने की पहल की है। इस अभियान के अंतर्गत कुल 141 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपए है, उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन एवं साइबर सेल नोडल अधिकारी ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे गुम मोबाइल तलाश अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।

बरामद मोबाइल फोन दंतेवाड़ा जिले के अलावा उत्तर प्रदेश सहित पड़ोसी जिलों जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से भी खोजे गए।

दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया है। इसके अलावा भारत सरकार की हेल्पलाइन और ईमेल आईडी पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने "सायबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा" के नाम से व्हाट्सएप अकाउंट भी शुरू किया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उन्हें व्हाट्सएप पर ही एक्नॉलेजमेंट नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।

साथ ही, साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए "सायबर संगवारी दंतेवाड़ा" नाम से व्हाट्सएप चैनल भी बनाया गया है, जिसमें रोजाना साइबर सुरक्षा और बचाव संबंधी जानकारी साझा की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या बैंक/सोशल मीडिया से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित