दंतेवाड़ा , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आयोजित 'सुशासन तिहार-2026' के तहत ग्राम बड़े तुमनार के आम बगीचा परिसर में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया, जिसका निरीक्षण जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।

श्री नाहटा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक ग्रामीण की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन शिविर शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

शिविर में ग्रामीणों ने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, राजस्व प्रकरण, विद्युत एवं पेयजल सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा एवं आवास योजनाओं, कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड एवं कृषि योजनाओं, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

श्री नाहटा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

शिविर में जनपद पंचायत सीईओ बलराम ध्रुव, नायब तहसीलदार भादुराम धनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित