दंतेवाड़ा , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था का सफल प्रबंधन करते हुए एक महिला ने एक साथ तीन पुत्रों को जन्म दिया। तीनों नवजातों की हालत स्थिर बतायी गयी है और उन्हें विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में निगरानी में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार कटेकल्याण क्षेत्र की महिला की गर्भावस्था को स्थानीय स्वास्थ्य टीम ने उच्च जोखिम वाले मामले के रूप में चिह्नित किया था। इसके बाद उसे समय पर जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया, जहां मंगलवार रात प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की टीम ने सामान्य प्रसव कराया।
तीनों नवजातों का जन्म के समय वजन क्रमशः 1870 ग्राम, 1875 ग्राम और 1750 ग्राम दर्ज किया गया। प्रसव के दौरान पहले नवजात के रोने में कुछ विलंब हुआ, जिस पर स्वास्थ्य टीम ने तत्काल आवश्यक प्रारंभिक उपचार किया। इसके बाद उसकी स्थिति भी स्थिर हो गई।
जन्म के बाद तीनों बच्चों को विशेष निगरानी और देखभाल के लिए जिला अस्पताल की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में भर्ती किया गया है। शिशु रोग विभाग और नवजात शिशु देखभाल इकाई की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस मामले में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय पर पहचान और रेफरल महत्वपूर्ण रहा। कटेकल्याण की स्वास्थ्य टीम ने जोखिम की पहचान कर महिला को समय रहते जिला अस्पताल भेज दिया था, जिससे प्रसव से पहले आवश्यक चिकित्सकीय तैयारियां की जा सकीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित