दंतेवाड़ा , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना बारसूर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तोडमा के घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक और प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 02 मई को प्राप्त सटीक खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाश अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान माओवादी कैडरों द्वारा छिपाए गए विस्फोटक डंप का पता चला, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियारों के राउंड और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामग्री में 75 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 7.62 मिमी एसएलआर, 5.56 मिमी इंसास और 7.62x39 मिमी के राउंड, 12 बोर कारतूस और खाली केस, .303 ब्लैंक कारतूस, बीजीएल कारतूस के खाली केस शामिल हैं। इसके अलावा 500 ग्राम विस्फोटक, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर, डीएमआर एवं वायरलेस सेट जैसे संचार उपकरण, एक भरमार राइफल, बैटरियां, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक वायर, यूरिया पाउडर और ग्रेनेड पिन भी बरामद किए गए हैं। मौके से नक्सली साहित्य भी मिला है।

अभियान के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा जब्ती पंचनामा तैयार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित