दंतेवाड़ा , जून 02 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को चंदेनार के साप्ताहिक हाट बाजार में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ बिजली बाजार परिसर के समीप आ गिरी। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
बताया गया है कि कुल 11 लोग बिजली की चपेट में आए। इनमें एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति सहित अन्य नौ घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और वर्षा की संभावना जताते हुए अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित