लखनऊ , अगस्त 17 -- मूसलाधार बारिश के बीच अपने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को लेकर सीतापुर से 'जनता दर्शन' में पहुंचीं रोली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बच्चे के इलाज का अनुमानित खर्च तत्काल मंगवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।रोली ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बच्चा थैलेसीमिया से पीड़ित है और उसके इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने बच्चे के सिर पर हाथ फेरकर उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों से इलाज संबंधी अनुमान मंगवाकर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री के आश्वासन से रोली की आंखों में खुशी की चमक आ गई और उन्होंने उनके प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'जनता दर्शन' में आए लोगों की समस्याएं आत्मीयता के साथ सुनीं। उन्होंने लोगों से 'कहां से आए हैं, क्या परेशानी है' पूछकर एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सभी की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर आए लोगों को आश्वस्त किया कि धन की कमी इलाज में बाधक नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का अनुमान शीघ्र प्राप्त कर शासन को भेजने तथा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता से प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद तरीके से किया जाए। पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, भूमि विवाद और कब्जे सहित विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्रों पर भी मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फरियादियों को किसी प्रकार परेशान या घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित